Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ दो प्रमुख कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस अवसर पर हेलमेट रैली और यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना रहा। सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ का पहला कार्यक्रम कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 10.30 बजे आयोजित किया गया, जहां हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में हेलमेट धारण कर वाहन चला रहे नागरिकों को रोककर उनके हाथों से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। कार्यक्रम में डॉ. लाल उमेद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर, कुमार विश्वरंजन, जिला पंचायत सीईओ रायपुर, डॉ. प्रशांत शुक्ला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, राहुल देव शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संजय शर्मा (समनि ट्रैफिक पीएचक्यू), गुरजीत सिंह एवं सतीश ठाकुर उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हेलमेट रैली में 150 से अधिक यातायात पुलिस स्टाफ, थाना पुलिस स्टाफ और विभिन्न एनजीओ के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने वाहनों पर यातायात नियमों से संबंधित तख्तियां लगाकर और हेलमेट पहनकर रैली में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना से सुनीता चंसोरिया, एनजीओ प्रांजल सेवा समिति से रेखा शर्मा, सुरक्षित भवः फाउंडेशन से संदीप धुप्पड़ एवं उनकी टीम ने भी रैली में सहभागिता निभाई। यह हेलमेट रैली कलेक्ट्रेट चौक से प्रारंभ होकर शास्त्री चौक, मरहीमाता चौक, फाफाडीह चौक, स्टेशन चौक, तेलघानीनाका चौक, आमापारा तिराहा, आश्रम तिराहा, लाखेनगर चौक होते हुए पुरानी बस्ती थाना में संपन्न हुई। स्वयं एसएसपी रायपुर सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाते हुए रैली में शामिल हुए और आम नागरिकों को हेलमेट के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं।

हेलमेट पहनने से दुर्घटना में जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। साथ ही हेलमेट धूप, ठंड और बारिश से भी सिर की सुरक्षा करता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना न केवल कानूनन अनिवार्य है, बल्कि यह जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन भी है। संदेश दिया गया कि “घर में कोई आपकी प्रतीक्षा कर रहा है”, इसलिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें। सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ का दूसरा कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया। इस अवसर पर यातायात
जागरूकता
रथ को माननीय न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे, अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा सर्किट हाउस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यातायात पुलिस द्वारा ई-रिक्शा एवं तीन मालवाहक वाहनों को जागरूकता रथ के रूप में तैयार किया गया है। ये जागरूकता रथ एक माह तक ग्रामीण क्षेत्रों के सभी गांवों में पहुंचकर यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार करेंगे तथा नागरिकों को पाम्फलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी पहुंचाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। रायपुर पुलिस ने दोपहिया चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों को भी हेलमेट की उपयोगिता एवं महत्व समझाएं। दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट आपकी जान बचाने में अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है।
Tags: