घायल नक्सली को फोर्स ने मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

Update: 2024-10-28 10:25 GMT

बीजापुर। जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसमें एक नक्सली घायल हुआ है। जिसे जवानों ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल नक्सली को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मामला भैरमगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, भैरमगढ़ के जंगल में माटवाड़ा LOS कमांडर अनिल पुनेम, हूंगा मड़काम समेत 10 से 12 की संख्या में नक्सली मौजूद हैं। जिसके बाद DRG के जवानों को मौके के लिए निकाला गया था। वहीं, जब जवान नक्सलियों के ठिकाने पर पहुंचे तो नक्सलियों ने फायर खोल दिया। जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला था।

पुलिस और नक्सलियों के बीच करीब 20 से 25 मिनट तक गोलीबारी हुई। नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। जिसके बाद जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। जहां एक माओवादी घायल मिला। जिसकी शिनाख्त बेलचर आरपीसी कमेटी सदस्य राकेश कुमार ओयाम (20) के रूप में की गई। जवानों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Tags:    

Similar News

-->