Raipur. रायपुर। राजधानी के बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम में चल रही सुपरबाइक चैंपियनशिप ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। शनिवार से शुरू हुई यह दो दिवसीय प्रतियोगिता रविवार को अपने फाइनल राउंड में पहुंच चुकी है। देश-विदेश के 110 बाइकर्स अपनी रफ्तार, संतुलन और स्टंट की कला से मैदान में धमाल मचा रहे हैं। भारत के शीर्ष राइडर्स के साथ विदेशी स्टंटबाज भी फ्री-स्टाइल ट्रिक्स और जंप के जरिए दर्शकों का रोमांच दोगुना कर रहे हैं। हालांकि इस रोमांचक आयोजन के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।

कई राइडर्स बिना हेलमेट के खतरनाक स्टंट करते देखे गए, जबकि आयोजन का थीम ही “सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग” रखा गया है। दर्शकों और सुरक्षा कर्मियों ने कई बार बाइकर्स को सावधानी बरतने की अपील भी की। स्टेडियम को इस प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह मिनी मोटर ट्रैक में तब्दील किया गया है। ऊंचे-ऊंचे मिट्टी के टीले, तीखे मोड़ और जंपिंग रैम्प्स से बना यह ट्रैक बाइकर्स के कौशल की असली परीक्षा ले रहा है। कई राइडर्स अपनी बाइक को 20 फीट तक हवा में उड़ाते नजर आए, वहीं कुछ ने “व्हीली”, “ड्रिफ्ट” और “बैकफ्लिप” जैसे स्टंट से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

रेस के दौरान दो बाइकर्स के गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि आयोजकों ने फौरन मेडिकल टीम की मदद से दोनों को प्राथमिक उपचार दिलाया और कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्रतियोगिता में कुल 14 कैटेगरीज़ रखी गई हैं — जिनमें प्रो रेसर्स, जूनियर क्लास और फ्री-स्टाइल स्टंटिंग शामिल है। खास बात यह है कि 6 से 15 साल तक के बच्चों ने भी मिनी बाइक पर अपनी प्रतिभा दिखाई।


जिससे दर्शक खासे प्रभावित हुए। कार्यक्रम में महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना और
कर्नाटक
जैसे राज्यों से राइडर्स हिस्सा ले रहे हैं। वहीं नेपाल और श्रीलंका से भी विदेशी बाइकर्स आए हैं, जिन्होंने अपने स्टंट से दर्शकों की तालियां बटोरीं। आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित राइडिंग के प्रति जागरूक करना है।

आयोजक समिति के सदस्य ने बताया कि—“हम चाहते हैं कि युवा स्टंटिंग या रेसिंग जैसे रोमांचक खेलों का हिस्सा तो बनें, लेकिन सुरक्षा उपकरणों का पालन करते हुए। इसलिए हमने ‘सेफ रेसिंग, सेफ राइडिंग’ का संदेश इस इवेंट के माध्यम से दिया है।” वहीं, दर्शकों का कहना है कि रफ्तार और स्टंट का यह संगम भले ही आकर्षक हो, लेकिन बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के प्रदर्शन खतरनाक साबित हो सकते हैं।

प्रशासन ने आयोजकों को निर्देश दिए हैं कि अंतिम राउंड में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। रायपुर का यह आयोजन राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित सुपरबाइक चैंपियनशिप है, जिसने मोटरस्पोर्ट प्रेमियों को एक नई दिशा दी है। लेकिन यह भी साबित कर दिया कि रोमांच जितना जरूरी है, उतनी ही अहम है सुरक्षा।
Tags: