विभागीय योजनाओं से जोड़ने विद्युत विभाग द्वारा किया जा रहा शिविर का आयोजन
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आमजन को विभाग की जन उपयोगी योजनाओं से जोड़ने और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 6 फरवरी तक चलने वाला है और इसके माध्यम से नागरिकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल कनेक्शन योजना, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम कुसुम योजना और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सभी शिविरों में पंजीयन की सुविधा भी विशेष रूप से उपलब्ध कराई गई है।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत रायगढ़ जिले के सभी वितरण केंद्रों और क्षेत्रीय स्तर पर एक-एक शिविर तथा संभाग स्तर पर दो शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जिले के चिन्हित महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में युवाओं को ऊर्जा क्षेत्र में हुए विकास, नवाचारों और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ा जा रहा है। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विद्युत वितरण कंपनी की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 30 जनवरी को रायगढ़ जिले के ग्राम लोहरसिंह, कापू और तमनार में और 31 जनवरी को कुसमुरा, छपोरा, चपले, कुंजारा, भैनापारा और र्लोइंग में शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विभाग की 25 वर्षों की उपलब्धियों के साथ-साथ आम नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा मोबाइल ऐप मोर बिजली, केंद्रीकृत विद्युत कॉल सेंटर, ई-संपर्क सेवा, ईमेल सेवा और ऑनलाइन उपभोक्ता सेवा जैसी सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। शिविरों में बड़ी संख्या में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
लोगों ने विभाग की योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई और कई ने पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ लेने की पहल की। नागरिकों ने इस पहल को सराहा और कहा कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को विद्युत विभाग की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। विद्युत विभाग ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को ऊर्जा क्षेत्र में हुए विकास और नवाचारों से जोड़ना और उन्हें विभाग की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। शिविरों के माध्यम से विभाग यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि ज्यादा से ज्यादा लोग पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी ऊर्जा जरूरतों को सस्ते और सुविधाजनक तरीके से पूरा कर सकें। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल हैं, जिससे विभाग और आमजन के बीच विश्वास और संवाद बढ़ता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन योजनाओं में पंजीकरण कर लाभ लें और अपने क्षेत्र में दूसरों को भी जागरूक करें।