Raipur. रायपुर। शहीद स्मारक भवन, जयस्तंभ चौक। मंच सजा था... रोशनी जगमगा रही थी... और जैसे ही सुरों ने आकार लिया, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित करते हुए आयोजित ‘गुरु वंदन’ तिरंगा फेस्ट फेस्टिवल के ग्रैंड फिनाले में कला, संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर एवं जिला प्रशासन रायपुर के मार्गदर्शन में अभिनव प्रयास के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत एवं वर्चुअल एयर प्रोग्राम सहित करीब 30 प्रस्तुतियां मंच पर प्रस्तुत की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में डॉ. गौरव कुमार सिंह, कलेक्टर रायपुर; संबित मिश्रा, आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर; युगल किशोर उर्वशा, आयुक्त , नगर पालिक निगम बिरगांव; नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर; कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर; तथा अमर गिदवानी, अध्यक्ष, संस्कृति विभाग , रायपुर नगर पालिक निगम सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण की मंच पर उपस्थिति रही। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने मंच पर तिरंगा शक्ति फेस्ट के आयोजन में अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले नन्हे, युवा, अनुभवी कलाकारों सहित कला केन्द्र रायपुर, नगर निगम रायपुर और स्कूल शिक्षा विभाग के सफल कार्यक्रम प्रबंधन में योगदान देने वाले शिक्षक- शिक्षिकाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रमाणपत्र प्रदत्त कर उन्हें सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से विनम्र अपील की कि वे तिरंगा शक्ति फेस्ट के आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में आकर कला प्रतिभा का मंच पर प्रदर्शन करने वाले सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करें. उत्साहवर्धन किये जाने से कलाकारों का मनोबल बढ़ता है और उनकी कला प्रतिभा में और अधिक निखार आता है। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में किये जा रहे तिरंगा शक्ति फेस्ट आयोजन को सराहा और कला प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सफलता हेतु हार्दिक शुभकामनायें दीं।
पांच साल के नन्हे कलाकारों ने भी संभाला मंच
इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली, जब करीब पांच वर्ष के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। छोटे-छोटे कदमों और बड़े आत्मविश्वास के साथ बच्चों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग रखे गए थे—5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष। इस आयु सीमा ने कार्यक्रम को खास बना दिया। एक ही मंच पर बच्चों की मासूम प्रतिभा और वरिष्ठ प्रतिभागियों के अनुभव का सुंदर संगम देखने को मिला।
जब गुरु और शिष्य एक साथ मंच पर आए
सितंबर माह की थीम ‘गुरु वंदन’ होने के कारण शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। शिक्षकों ने भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंच पर शिक्षक जब कलाकार बने और विद्यार्थियों के साथ कला की प्रस्तुति दी, तो गुरु-शिष्य परंपरा का भाव जीवंत हो उठा।
हर महीने बदलेगा तिरंगा फेस्ट का अंदाज
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहां तिरंगा फेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर महीने इसका विषय बदलेगा और समाज के अलग-अलग वर्गों तथा महापुरुषों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित होंगे। रायपुर जिला *कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के अनुसार, आने वाले महीनों में महापुरुषों की जयंतियों एवं महत्वपूर्ण अवसरों को ध्यान में रखते हुए तिरंगा फेस्ट की थीम निर्धारित की जाएगी।
Tags: