ई-रिक्शा टक्कर से शुरू हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदला, दोनों पक्षों ने दर्ज कराया FIR
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पार्वती नगर गुढियारी इलाके में बुधवार रात एक मामूली टक्कर का मामला मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गया। ई-रिक्शा और पैदल जा रहे परिवार के बीच हुए विवाद ने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार, 5 नवंबर 2025 की रात करीब 8 बजे की है। पार्वती नगर निवासी कृष्णा साहू अपनी मां गंगा साहू और ढाई साल की बच्ची पाखी साहू के साथ दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सोहन किराना दुकान के पास एक ई-रिक्शा चालक राहुल गुप्ता गद्दे से भरी गाड़ी लेकर तेज रफ्तार में आया और कृष्णा साहू को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से कृष्णा नाली में गिर गए। उन्होंने ड्राइवर को फटकार लगाई कि वह सावधानी से गाड़ी चलाए, जिस पर राहुल गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने नशे की हालत में कृष्णा साहू और उनकी मां के साथ मां-बहन की गालियां दीं और अपने साथियों योगेश गुप्ता और यश गुप्ता को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर कृष्णा साहू, उनकी मां और उनके भाई रोहित साहू के साथ मारपीट की। कृष्णा साहू की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने बांस के डंडे और हाथों से हमला किया, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आईं। उनकी मां गंगा साहू के बाएं हाथ में, और भाई रोहित साहू के कंधे व कलाई में चोटें आईं। बीच बचाव करने आए राम सिंह राजपूत को भी हमलावरों ने डंडे से मारा, जिससे उनके सिर पर गहरी चोट आई। घटना को भावना कुकरेजा नामक महिला ने भी देखा और पुलिस को सूचना दी।
दूसरी ओर, राहुल गुप्ता ने पुलिस को अपनी अलग रिपोर्ट दी है। उसने बताया कि वह पार्वती नगर में किराए पर रहता है और फेरी का काम करता है। घटना के समय वह अपने ई-रिक्शा से घर लाए गए गद्दे उतार रहा था। इसी दौरान कृष्णा साहू और उनका एक साथी सामने से आ रहे थे, जिनसे गद्दा हल्के से टकरा गया। इसी बात को लेकर कृष्णा साहू ने उसे मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। राहुल गुप्ता के अनुसार, उसने गाली देने से मना किया तो कृष्णा की मां गंगाबाई साहू वहां पहुंच गईं और उन्होंने भी गालियां दीं। इसके बाद कृष्णा और उसके साथी उस पर टूट पड़े और हाथों और डंडों से हमला कर दिया। राहुल ने बताया कि बीच बचाव करने पहुंचे उसके चाचा के बेटे योगेश गुप्ता और यश गुप्ता पर भी हमला किया गया।
हमले में राहुल के बाएं पैर की अंगुली, दाहिने हाथ की उंगली और बाएं हाथ की कलाई में चोट आई। यश गुप्ता के सिर, सीने और हाथ में चोटें आईं, जबकि योगेश गुप्ता की छाती, पीठ और कलाई पर घाव हुए। यह पूरी घटना मोहल्ले के लोगों बृज कुमार गुप्ता, राजेश गुप्ता, विनय जायसवाल और अन्य लोगों के सामने हुई। घटना के बाद दोनों पक्ष गुढियारी थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर धारा 294, 323, 506 और 34 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया है।
थाना प्रभारी गुढियारी ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों द्वारा उकसावे और आपसी झगड़े की स्थिति सामने आई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पहले हमला किसने शुरू किया और झगड़े की असली वजह क्या थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्वती नगर क्षेत्र में आए दिन ई-रिक्शा चालकों और राहगीरों के बीच झगड़े की घटनाएं होती रहती हैं। इलाके में अतिक्रमण और संकरी सड़कों के कारण वाहनों और पैदल चलने वालों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। पुलिस ने मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की अपील की है और चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह का झगड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है कि वे अपने-अपने बयान और सबूतों के साथ जांच में सहयोग करें।