थलसेना अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल, ऑनलाइन करें आवेदन
छग
Raigarh. रायगढ़। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें अग्निवीर पुरुष जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक और स्टोरकीपर, ट्रेडमैन (दसवीं उत्तीर्ण), ट्रेडमैन (आठवीं उत्तीर्ण), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) सहित स्थायी कैडर के तहत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा के पद शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 1 जून से 10 जून 2026 के बीच निर्धारित की गई है। परीक्षा के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, उम्मीदवारों को आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी सही तरीके से भरने की सलाह दी गई है। गलत या अधूरी जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
इस भर्ती के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में सेवा करने का अवसर मिलेगा। अग्निवीर योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि के लिए प्रशिक्षण और सेवा का अवसर प्रदान किया जाता है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित है। इसके लिए जारी टेलीफोन नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें इस अवसर का लाभ मिल सके।