Sarangarh Bilaigarh. सारंगढ़ बिलाईगढ़। जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के शत प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदन और धरती आबा अभियान से जुड़े गांवों के हितग्राहियों को प्राथमिकता से लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि धरती आबा अभियान से जुड़े 17 ग्रामों में पात्र सभी हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का माध्यम है, इसलिए कोई भी पात्र परिवार वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि वे पात्र हितग्राहियों की सूची का सत्यापन कर शत-प्रतिशत गैस कनेक्शन वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि उज्ज्वला योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा अभियान है। धुएं से होने वाली बीमारियों से बचाव, समय की बचत और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बैठक में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे, सहायक खाद्य अधिकारी तरुण नायक, विद्यानंद पटेल, मैनेजर एलपीजी सेल्स, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन सहित जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ और गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। इन आवेदनों की छंटनी कर अब तक कई परिवारों को गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं और शेष को शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि जिले में उज्ज्वला योजना का लक्ष्य पूर्ण उपलब्धि के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने गैस एजेंसियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जागरूकता अभियान चलाएं ताकि कोई भी पात्र हितग्राही छूट न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और गैस एजेंसी के बीच समन्वय से ही योजना की वास्तविक सफलता सुनिश्चित हो सकेगी। ग्रामीण महिलाओं को रसोई में सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण यही इस योजना की मूल भावना है। बैठक में सभी एजेंसी संचालकों ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि जिले में 100% उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य किया जाएगा।