कलेक्टर ने भटगांव और बेलटिकरी के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल का किया निरीक्षण
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे गुरुवार को बिलाईगढ़ क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने भटगांव और बेलटिकरी स्थित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें इस शैक्षणिक वर्ष में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने, समय का सही उपयोग करने और प्रथम श्रेणी में परीक्षा परिणाम लाने का संदेश दिया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने विद्यार्थियों से कहा कि छात्र जीवन का यह समय बेहद महत्वपूर्ण और सुनहरा होता है। यदि इस समय का सही उपयोग किया जाए, तो यही भविष्य और कैरियर की मजबूत नींव बनता है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। कलेक्टर ने कहा कि मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने बच्चों को विभिन्न विषयों के प्रश्न हल करने के लिए दिए और उनकी समझ का स्तर जाना। जिन विषयों में बच्चों को कठिनाई आ रही थी, उन पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए कलेक्टर ने शिक्षकों को सरल और प्रभावी तरीके से पढ़ाने के निर्देश दिए।
डॉ. कन्नौजे ने भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी सहित सभी विषयों के शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे पढ़ाई के दौरान कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करें और उन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं, ताकि उनकी शंकाओं का समाधान हो सके और वे भी मुख्यधारा में शामिल होकर बेहतर परिणाम ला सकें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को यह भी सलाह दी कि यदि किसी टॉपिक को समझने में कठिनाई हो, तो वे अपने ऐसे मित्रों से मदद लें जो उस विषय में अच्छे हों। आपसी सहयोग और समूह अध्ययन से विषयों को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने पिछले पांच वर्षों के बोर्ड परीक्षा में आए प्रश्नपत्रों को नियमित रूप से हल करने की सलाह दी, ताकि परीक्षा पैटर्न की अच्छी समझ विकसित हो सके।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य भी पूछे। उन्होंने डॉक्टर बनने की इच्छा रखने वाले छात्रों को नीट परीक्षा की जानकारी दी और संबंधित विषयों की तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। कलेक्टर ने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, सेजेस नोडल अधिकारी नरेश चौहान, बीईओ सत्यनारायण साहू सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। कलेक्टर के इस दौरे से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया और शिक्षकों को भी शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए स्पष्ट दिशा मिली।