Raigarh. रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी करम सारथी उर्फ रोशन सारथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 जनवरी 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना कोतवाली में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री दिनांक 08 जनवरी 2026 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्र, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर बालिका की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि बालिका को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा लिया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2025 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने सतत प्रयास करते हुए 10 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया। बालिका को बाल हितैषी कक्ष में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि आरोपी करम सारथी उर्फ रोशन सारथी ने शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर ग्राम टारपाली अपने घर ले गया, जहां नाबालिग होने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
बालिका के बयान के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 65(1) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4 पॉक्सो एक्ट भी जोड़ी गई। पीड़िता का महिला चिकित्सक द्वारा चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। विवेचना के दौरान आरोपी करम सारथी उर्फ रोशन सारथी, पिता आनंद राम सारथी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम टारपाली थाना चक्रधरनगर को उसके सुरक्षित ग्राम से अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को दिनांक 11 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नाबालिग बालिका की त्वरित बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक दिलीप कुमार बेहरा और हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। कोतवाली पुलिस ने इस अवसर पर अपील की है कि नाबालिगों से संबंधित किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने यह भी कहा कि बाल सुरक्षा और कानून के तहत ऐसे मामलों में हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस मामले की त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी नाबालिगों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की तत्परता और जागरूकता का प्रमाण है।