Ambikapur. अंबिकापुर। नगर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में प्रगतिशील महिला बाल विकास पर्यवेक्षक संघ द्वारा तीज मिलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े शामिल हुईं। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक गीत-संगीत और तीज की परंपरा से जुड़े सांस्कृतिक रंगों की प्रस्तुति दी, वहीं समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में विशेष रूप से महापौर मंजुषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह और भाजपा नेत्री अरुणा सिंह सहित बड़ी संख्या में बहनें, कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे। मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि तीज जैसे पर्व समाज में संस्कृति, पारिवारिक संबंध और महिलाओं की शक्ति को मजबूती देते हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री ने इस अवसर पर प्रगतिशील महिला बाल विकास पर्यवेक्षक संघ की सक्रियता और संगठन क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संगठन महिलाओं की सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की बधाई दी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव को जीवंत बना दिया। अंत में सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं और महिलाओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।