दीपक और बरखा टंडन से आमने-सामने पूछताछ की तैयारी, पुलिस ने मांगी रिमांड
छत्तीसगढ़.
रायपुर। करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपी दीपक टंडन से रायपुर पुलिस की पूछताछ जारी है। अब पुलिस उसकी पत्नी बरखा टंडन से भी हिरासत में पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए कोर्ट में रिमांड का आवेदन लगाया गया है। रिमांड मिलने पर दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। इससे ठगी के पूरे नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और दूसरे सहयोगियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। दीपक को 19 नवंबर को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मामला बड़ा होने के कारण वरिष्ठ अधिकारी खुद पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ करने वाली टीम में दो डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और टीआई स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
ठगी का एक जैसा तरीका
अब तक सामने आए मामलों में दीपक टंडन का तरीका एक जैसा रहा है। वह खुद को बड़े नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताता था। फिर लोगों को सरकारी विभागों में काम कराने, कोयला खदानों में ठेका दिलाने और जमीन या होटल कारोबार में फायदा कराने का भरोसा देता था। भरोसा जीतने के बाद उनसे लाखों रुपए ले लेता था। काम नहीं होने पर जब लोग पैसे वापस मांगते, तो उन्हें टालने और धमकाने के आरोप भी लगे हैं।
मोबाइल-लैपटॉप जब्त, पैसों का हिसाब खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दीपक टंडन के घर, होटल और दूसरे ठिकानों पर छापे मारे हैं। इसमें दीपक और बरखा के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इनकी जांच से पैसों के लेनदेन और ठगी से जुड़े डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के करोड़ों रुपए कहां लगाए गए और किन लोगों तक पहुंचे। दीपक के संपर्क वाले लोगों की भूमिका, फर्जी दस्तावेज, बैंक खाते और बेनामी संपत्ति की भी जांच हो रही है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में दीपक ने अपने कुछ सहयोगियों के नाम बताए हैं। पुलिस अब इन लोगों और उनके लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों से भी पैसे लेने का आरोप
इस मामले में एक और चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन ने अच्छी पोस्टिंग दिलाने के नाम पर कई पुलिस अधिकारियों से भी पैसे लिए थे। इनमें चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और टीआई शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पिछली सरकार के समय कुछ अधिकारियों ने मनचाही पोस्टिंग के लिए उसे रकम दी थी, लेकिन काम नहीं हुआ। पैसे वापस मांगने पर दीपक टालमटोल करता रहा।
दावा है कि एक एएसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अधिकारियों का पैसा फंस गया। यह भी कहा जा रहा है कि पैसा वसूलने के लिए कुछ अधिकारी बाद में उसका होटल चलाने लगे थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों से पैसे लेने और होटल चलाने से जुड़े इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बढ़ रहा जांच का दायरा
मामले की जांच लगातार बढ़ रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ और जब्त उपकरणों की जांच से ठगी के नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और इसमें शामिल दूसरे लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलेगी।