रायपुर: टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए चांदी के जेवर और नकद रकम बरामद हुई है, जिनकी कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट (ACCU) और टिकरापारा थाना पुलिस ने मिलकर की। आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

छठ पूजा से लौटे तो टूटा मिला लॉकर
संतोषी नगर निवासी मुकेश चौहान ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर की सुबह वे घर में ताला लगाकर परिवार के साथ सिद्धार्थ चौक स्थित नरैया तालाब में छठ पूजा करने गए थे। लौटकर ताला खोला तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। कमरे की आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखे चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। चोर घर की छत पर लगे टावर के सहारे अंदर घुसा था। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ACCU और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित से पूरी जानकारी ली। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज ध्यान से देखे और मुखबिरों को भी सक्रिय किया। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जिसकी पहचान संतोषी नगर निवासी खिलावन ध्रुव के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश कर उसे पकड़ लिया।
सबूतों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के चांदी के जेवर और नकद रकम जब्त कर कार्रवाई की।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक खिलावन ध्रुव पहले भी टिकरापारा थाने के चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
खिलावन ध्रुव (28 वर्ष), पिता जीवन लाल ध्रुव, निवासी संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
Tags: