गड्ढों और धूल से तंग आकर सड़क पर उतरे स्टूडेंट्स, कलेक्ट्रेट का किया घेराव
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: बिलासपुर में लालखदान जाने वाली सड़क पर गड्ढों और धूल से परेशान छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। नाराज स्टूडेंट्स ने मंगलवार को सड़क बनाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। उन्होंने कहा कि रोजाना इस सड़क से गुजरना जोखिम भरा रहता है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसों का खतरा बना रहता है।
चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के अलग-अलग संकायों और होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क की मरम्मत और नए सिरे से बनाने की मांग की। लालखदान के साथ दो-मुहानी जाने वाले इस मार्ग से इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस और कॉमर्स के स्टूडेंट्स रोज गुजरते हैं। स्कूली बच्चे भी इसी सड़क से आते-जाते हैं।
जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ता है। सड़क खराब होने से स्टूडेंट्स को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में ज्यादा समय लगता है। परीक्षा के दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। समय पर संस्थान पहुंचने की चिंता के साथ हादसे का डर भी बना रहता है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि रोज इस सड़क से गुजरना उनकी मजबूरी है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत नहीं सुधरी है। स्टूडेंट्स का कहना है कि गर्मी में सड़क से उड़ती धूल के कारण सांस लेना मुश्किल हो जाता है। वहीं, बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी होती है।
सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्टूडेंट्स का कहना है कि सालों से सड़क की यही स्थिति है, लेकिन अब तक इसे ठीक करने के लिए स्थायी इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्टूडेंट्स और शिक्षण संस्थानों ने ज्ञापन में सड़क की खराब हालत को हजारों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया है। उनका कहना है कि रोज बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स इस रास्ते से गुजरते हैं।
ऐसे में सड़क की अनदेखी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से हादसे का इंतजार किए बिना सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण कराने की मांग की है।