Raipur. रायपुर। रायपुर में अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव और आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिनांक 15 दिसंबर 2025 को श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार राज्य आपदा संकट मोचन बल, अग्नि शमन छत्तीसगढ़ तथा सरस्वती नगर थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सेंट्रल लाइब्रेरी एवं नालंदा परिसर, रायपुर में फायर सेफ्टी का लाइव प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेंट्रल लाइब्रेरी और नालंदा परिसर में अध्ययनरत लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, सुरक्षा उपायों और त्वरित प्रतिक्रिया के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना था, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जान-माल की हानि को न्यूनतम किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान राज्य आपदा संकट मोचन बल और अग्नि शमन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग के प्रकारों और उनसे निपटने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर लाइब्रेरी और शैक्षणिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यह सिखाया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराए बिना सुरक्षित तरीके से बाहर कैसे निकलना चाहिए। उन्हें आपातकालीन निकास मार्गों की पहचान, धुएं से बचने के तरीके और एक-दूसरे की सहायता करते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण में लाइब्रेरी परिसर में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) के सही उपयोग की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर के विभिन्न प्रकारों, उनके उपयोग की विधि और किन परिस्थितियों में किस प्रकार के अग्निशमन यंत्र का प्रयोग करना चाहिए।
इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का अवसर भी दिया गया, जिससे वे वास्तविक स्थिति में आत्मविश्वास के साथ कार्रवाई कर सकें। थाना सरस्वती नगर पुलिस के अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को आपात स्थिति में पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना देने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन नंबरों और सामूहिक अनुशासन बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी जागरूकता गतिविधियां भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि लाइव प्रशिक्षण से उन्हें फायर सेफ्टी को लेकर व्यावहारिक समझ मिली है, जो किसी भी आपात स्थिति में उनकी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होगी।