होली पर सख्त पहरा: 78 पेट्रोलिंग वाहन तैनात, 128 बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर से बड़ी खबर

Update: 2026-03-03 13:46 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए शहर में इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। सभी प्रमुख चौक–चौराहों पर सघन चेकिंग प्वाइंट बनाए गए और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। एसएसपी रजनेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया था। प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह–छह जवान मौजूद रहे। इसके अलावा 37 बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी सक्रिय रहीं, जिनमें दो–दो जवान लगातार गश्त करते रहे। भीड़भाड़ वाले बाजार, रिहायशी क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर पुलिस की सतत मौजूदगी सुनिश्चित की गई।

देर रात तक मैदान में रहे अधिकारी
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं देर रात तक शहर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ एएसपी पंकज पटेल, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी भी मौजूद रहे। होलिका दहन के दौरान अधिकारियों ने रात करीब दो बजे तक सभी प्रमुख चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और शहर में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी स्थानों पर हालात सामान्य और नियंत्रण में रहे।

128 आदतन बदमाश गिरफ्तार
होली के मद्देनजर पुलिस ने पहले से चिन्हित आदतन अपराधियों पर सख्ती बरती। कुल 128 निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा 36 आदतन अपराधियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को समझाइश देकर आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।

337 व्यक्तियों पर बाउंड ओवर कार्रवाई
जिलेभर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 337 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126 और 135 के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। वहीं 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 के तहत कार्रवाई की गई। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एहतियातन की गई, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

22 हथियारबंद आरोपी और 64 आबकारी मामले
जिले के विभिन्न स्थानों से 22 आरोपियों को आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी। इसके अलावा अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। आबकारी एक्ट के तहत 64 मामलों में कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, नशाखोरी और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया था। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। होली के मौके पर की गई इस व्यापक कार्रवाई से शहर में सुरक्षा का माहौल कायम रहा और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
Tags:    

Similar News