अजीबो-गरीब मामला: शादी के 20 दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी संग फरार, पति की सड़क पर पिटाई
छग
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता शादी के महज 20 दिन बाद अपने पति को बीच रास्ते में छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पति अंकित महिलांगे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि उसके सामने ही पत्नी ने प्रेमी की बाइक पर बैठकर उसका साथ छोड़ दिया, वहीं प्रेमी और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट भी की। जानकारी के अनुसार, अंकित महिलांगे मस्तूरी के ग्राम आंकड़ीक का निवासी है और रायपुर में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी शादी 20 दिन पहले भैंसाबोड़ निवासी रंजिता जोशी से हुई थी।
शादी के बाद रंजिता परंपरा के अनुसार मायके चली गई थी। अंकित 21 जून को अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर बाइक से घर ला रहा था, तभी वैभव पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक को रोका और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अंकित ने बताया कि उसकी पत्नी ने न केवल उसे बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि मारपीट के बाद खुद प्रेमी की बाइक पर बैठकर उसके साथ चली गई। पीड़ित पति ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में बिलासपुर एएसपी राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि मस्तूरी निवासी अंकित महिलांगे की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही महिला के फरार होने की जांच भी की जा रही है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और युवकों की पहचान एवं महिला की तलाश के प्रयास जारी हैं। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।