Bilaspur. बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां एनटीपीसी के ठेका कर्मी को बदमाशों ने पहले नहर के पास रोककर लूटने की कोशिश की। जब मौके पर कुछ लोग पहुंच गए तो आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा युवक को घेरकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ठेका कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पीठ में चाकू धंस गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल का इलाज सिम्स में जारी है।
सब्जी लेने बाजार गया था कर्मी
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी इरशाद अली (40 वर्ष) सीपत एनटीपीसी में ठेकेदार के अंडर वेल्डर सुपरवाइजर के रूप में काम करता है। इरशाद ने बताया कि शुक्रवार शाम वह सब्जी लेने के लिए जांजी बाजार गया था। बाजार से चिकन खरीदने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड के पास चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और पूछताछ करने लगे। जब इरशाद ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने धमकाते हुए उससे रुपये और मोबाइल देने की मांग की।
लोगों को देखकर भागे बदमाश
इसी बीच वहां से कुछ लोग साइकिल से गुजर रहे थे। उन्हें देखकर बदमाश पीछे हट गए और छिपने लगे। इरशाद ने साइकिल सवार लोगों को रोककर पूरी घटना बताई। इसके बाद साइकिल सवारों ने बदमाशों को ऐसा करने से मना किया और इरशाद को अपने साथ जांजी चौक तक लेकर आए। जांजी चौक पहुंचने के बाद साइकिल सवार अपने रास्ते चले गए, जबकि इरशाद दूसरे रास्ते से अपने घर जाने लगा।
सुनसान जगह पर फिर घेरा
पीड़ित के अनुसार, जब वह सुनसान रास्ते से गुजर रहा था, तभी वही बदमाश दोबारा वहां पहुंच गए। उन्होंने उसे फिर से रोक लिया और मोबाइल व रुपये देने की मांग करने लगे। इरशाद ने जब इसका विरोध किया तो एक आरोपी ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसकी पीठ में जा धंसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया।
दुकान संचालक ने पहुंचाया अस्पताल
घायल हालत में इरशाद किसी तरह वहां से भागकर पास की एक किराना दुकान तक पहुंचा। उसकी हालत देखकर दुकान संचालक ने तुरंत मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान इलाकों में बदमाशों की गतिविधियां बढ़ने से लोगों में डर का माहौल है। पुलिस ने मामले में जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया है।