किन्नर समाज के लिए विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

छग

Update: 2026-01-24 17:06 GMT
Raigarh. रायगढ़। किन्नर समाज को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रणी बैंक, रायगढ़ द्वारा विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (डीएफएस) के निर्देशानुसार वित्तीय समावेशन अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किन्नर समाज को सुरक्षित और औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना है। शिविर में प्रतिभागियों को बचत खाता खोलने की प्रक्रिया, बचत के महत्व, बजट बनाना, निवेश के सिद्धांत, निवेश में सुरक्षा, तरलता एवं लाभप्रदता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान वित्तीय साक्षरता के मूलभूत सिद्धांत जैसे कमाना, खर्च करना, उधार लेना, बचत, निवेश और बीमा सुरक्षा को सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाया गया। किन्नर समाज को स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।


इसके साथ ही बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं और सरकारी वित्तीय सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। शिविर का एक प्रमुख उद्देश्य डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना और साइबर सुरक्षा के महत्व को समझाना भी था। अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री कमल किशोर सिंह ने बताया कि साइबर फ्रॉड या वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल लेन-देन के सुरक्षित तरीकों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। शिविर में श्री राजकुमार शर्मा, एफएलसी काउंसलर ने भी सहभागिता करते हुए वित्तीय निर्णयों से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह साझा की। उन्होंने कहा कि सही वित्तीय योजना और सतर्कता से ही किन्नर समाज आर्थिक रूप से स्थिर और आत्मनिर्भर बन सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने बैंकिंग सेवाओं, निवेश, स्वरोजगार और साइबर सुरक्षा से जुड़े ज्ञान को अत्यंत लाभकारी बताया। इस प्रकार का प्रशिक्षण किन्नर समाज को वित्तीय रूप से मजबूत करने और उन्हें समाज में आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने में सहायक साबित होगा।
Tags:    

Similar News