Raipur. रायपुर। गोल्डन टावर, अमलीडीह, रायपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मटकी फोड़/हांडी फोड़ प्रतियोगिता, राधा-कृष्ण गेटअप तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में सजे बच्चों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विभिन्न प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोल्डन टावर के रहवासियों ने उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित एवं संचालित करने में गोल्डन टावर समिति के सभी कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से देवब्रत धीरदेव जी एवं सुब्रत चौधरी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति की ओर से सभी बच्चों, प्रतिभागियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित रहवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सोसायटी के रहवासियों के बीच आपसी एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाओं एवं आभार के साथ हुआ।