Raipur. रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर में बड़े स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा इस अवसर को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाएगी। इसके तहत राजधानी में एक महीने तक विभिन्न जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए रेलवे स्टेशन स्थित श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति परिसर में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिल्पकार के रूप में मनाया जाएगा जन्मदिन
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का पावन पर्व भी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देश के विकास में योगदान देने वाले ‘शिल्पकार’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि विभिन्न सेवा कार्यों में भाग लेंगे।
खारून नदी में होगी महाआरती
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की शाम महादेव घाट स्थित खारून नदी में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप प्रज्ज्वलन का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत लोग ‘एक दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम’ जलाकर खारून नदी में प्रवाहित करें। उन्होंने कहा कि महादेव घाट पर आयोजित होने वाली खारून गंगा आरती में सभी समाजों और वर्गों की महिलाएं शामिल होकर सामूहिक रूप से आरती करेंगी।
शाम 6 बजे होगा आयोजन
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार राठी ने बताया कि 17 सितंबर की शाम ठीक 6 बजे महादेव घाट पर खारून गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खारून नदी को मां गंगा के पवित्र स्वरूप के रूप में श्रद्धा से देखा जाता है। इसी आस्था के साथ प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विशेष धार्मिक और सामाजिक आयोजन किए जा रहे हैं।
एक महीने तक चलेंगे जनसेवा कार्यक्रम
भाजपा नेताओं ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचकर सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं से भी आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद बैठक में राजीव अवस्थी, डॉ. सुजीत परिहार, गोविंद शर्मा, सुब्रत घोष, संतोष श्रीवास्तव, रोशनी मिश्रा, योगेश चांडक, शहनाज अली, ज्योति यादव, कल्याणी बघेल, पूर्व पार्षद लेखराम साहू, अंकित राठी, महेंद्र सिंघानिया और मनीष गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
Tags: