60 वर्षीय बुजुर्ग की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी, 5-6 दिन पुराना शव मिलने की आशंका

छग

Update: 2026-07-14 15:27 GMT
Rajpur. राजपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की सड़ी-गली अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम नवकी में 60 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर मिला। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शव करीब पांच से छह दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और उसमें सड़न के साथ कीड़े भी पड़ चुके थे।
फिलहाल पुलिस
मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9 बजे मृतक के पड़ोसी ने राजपुर में टेलरिंग का काम करने वाले उसके दामाद डब्लू केसरी को फोन कर बताया कि अशोक केसरी के घर से काफी तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलने के बाद डब्लू केसरी तुरंत अपने ससुर के घर ग्राम नवकी पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अशोक प्रसाद केसरी मृत अवस्था में पड़े हुए थे। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उन्होंने बिना देरी किए घटना की जानकारी राजपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। मंगलवार सुबह फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल और शव की बारीकी से जांच की। मृतक की पहचान अशोक प्रसाद केसरी पिता स्वर्गीय जमुना प्रसाद केसरी, निवासी ग्राम नवकी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत कई दिन पहले हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा।

मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी तरह की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Tags:    

Similar News