वरिष्ठ पत्रकार की कार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

छग

Update: 2025-10-31 14:05 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में पुलिस की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। देश के प्रमुख न्यूज चैनल ‘आजतक’ के वरिष्ठ पत्रकार की कार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रांग साइड से आकर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में पत्रकार बाल-बाल बच गए, लेकिन मौके पर पुलिस की अनुपस्थिति ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रायगढ़ शहर के मुख्य मार्ग पर हुआ, जब ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में रांग साइड से आकर पत्रकार की कार से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद पीड़ित पत्रकार ने तत्काल सीएसपी के सरकारी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद मिला।

इसके बाद उन्होंने चक्रधर नगर थाना प्रभारी को सूचित किया, जहां से उन्हें कहा गया कि “सहायता भेजी जा रही है।” हालांकि, लगभग 30 मिनट तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे घटनास्थल पर मौजूद लोगों में रोष फैल गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने ट्रैफिक को नियंत्रित कर स्थिति को संभाला। आखिरकार, लंबे इंतजार के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। हादसे में पत्रकार को मामूली चोटें आईं, जबकि कार को काफी नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा, “अगर वरिष्ठ पत्रकार के मामले में समय पर पुलिस नहीं पहुंचती, तो आम नागरिकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।” लोगों का कहना है कि रांग साइड से ट्रैक्टरों की आवाजाही आम बात बन गई है, लेकिन पुलिस इस पर कार्रवाई नहीं करती। सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैक्टर चालक नशे में था और तेज रफ्तार में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन चला रहा था। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। शहरवासियों का कहना है कि यह घटना केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की संवेदनहीनता का प्रतीक है। आम लोगों का भरोसा तभी बढ़ेगा जब हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए और पुलिस समय पर मौके पर पहुंचे।
Tags:    

Similar News