Raipur रायपुर। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ विधानसभा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से कुल 85 पौवा देशी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की हीरो डेस्टिनी दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को विधानसभा थाना पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दोपहिया वाहन से अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी की तलाश के लिए क्षेत्र में पेट्रोलिंग शुरू की गई।
इसी दौरान जीरो प्वाइंट स्थित महालेखाकार कार्यालय के सामने पुलिस टीम ने संदिग्ध दोपहिया वाहन की पहचान की। पुलिस का दावा है कि वाहन चालक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन टीम को देखकर वह भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम धनेश्वर वर्मा उर्फ छोटू बताया। पुलिस के मुताबिक वह दोंदेकला क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पास रखी बोरी की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में देशी शराब के पौवा मिले। पुलिस ने शराब रखने और उसका परिवहन करने के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे। पुलिस का कहना है कि वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब और दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कुल 85 पौवा देशी शराब और बिना नंबर की हीरो डेस्टिनी जब्त की गई है। आरोपी की पहचान धनेश्वर वर्मा उर्फ छोटू, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। मामले में विधानसभा थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
Tags: