CG BREAKING: सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के 15 फीट ऊंचे शहीद स्मारक को किया ध्वस्त

छग

Update: 2025-06-25 15:43 GMT
Bijapur. बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से सुरक्षाबलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। नेलसनारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांगोली गांव के पास बनाए गए करीब 15 फीट ऊंचे नक्सली स्मारक को जवानों ने ध्वस्त कर दिया है। यह स्मारक नक्सलियों द्वारा शहीद स्मारक के रूप में प्रचारित किया जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि बांगोली गांव के पास नक्सलियों ने स्मारक खड़ा कर रखा है, जिसे वे अपने मारे गए साथियों की याद में "शहीद स्थल" के रूप में प्रयोग कर रहे थे। सूचना मिलते ही जवानों ने सटीक कार्रवाई करते हुए इलाके में पहुंचकर स्मारक को जमींदोज कर दिया।


गौरतलब है कि बस्तर संभाग में माओवाद के खात्मे के लिए सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे पहले भी कई नक्सली स्मारकों और ठिकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के प्रतीक चिह्नों को हटाकर स्थानीय ग्रामीणों में भयमुक्त वातावरण तैयार किया जा रहा है। यह कार्रवाई नक्सलियों के मनोबल को तोड़ने की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है। सुरक्षाबलों की इस रणनीति से नक्सल प्रभावित इलाकों में सरकार की पकड़ और आम जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
Tags:    

Similar News