चोरी का विद्युत एल्यूमिनियम तार खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-29 18:44 GMT
Raipur (Rural) रायपुर (ग्रामीण)। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में विद्युत पोल तोड़कर चोरी किए गए एल्यूमिनियम तार/कंडक्टर का मामला सामने आया है। पुलिस ने चोरी की एल्यूमिनियम तार खरीदने वाले कबाड़ी जगमोहन नारंग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 2 क्विंटल 25 किलोग्राम वजनी एल्यूमिनियम तार जब्त किया। इस तार की अनुमानित कीमत 90,000 रुपये बताई गई है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है। प्रार्थी जितेन्द्र सिंह मरई, कनिष्ठ यंत्री, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर लिमिटेड, भानसोज ने 28 मार्च 2026 को थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोल्हाल नाला के पास, कुंडा-बड़गांव रोड स्थित 11 के.वी. लाइन के छह विद्युत पोल तोड़कर लगभग 500 मीटर (9 स्पैन) एल्यूमिनियम तार चोरी कर लिया गया। यह घटना 25 मार्च 2026 को लाइन शटडाउन के दौरान शाम 5 बजे से रात 11 बजे के बीच घटित हुई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 155/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. और 136(1) छ.ग. विद्युत अधिनियम 2003 के तहत मामला दर्ज किया गया।


पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लंबोदर पटेल और थाना प्रभारी मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी और टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच के दौरान मुखबीरों से सूचना मिली कि ग्राम बाहनाकाड़ी निवासी कबाड़ी जगमोहन नारंग के पास चोरी का तार रखा है। पुलिस ने कबाड़ी दुकान में दबिश दी और चोरी का तार बरामद किया। पूछताछ में आरोपी जगमोहन नारंग ने बताया कि 25 मार्च की रात दो अज्ञात व्यक्ति चार पहिया वाहन से आए और उन्होंने एल्यूमिनियम तार उसे बेच दिया। पुलिस ने आरोपी को धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की। जगमोहन नारंग उर्फ भोला, पिता स्व. नोहर लाल नारंग, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बाहनाकाड़ी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
Tags:    

Similar News