Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मजदूर से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी समीर उर्फ लक्ष्मण बाघ पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी ने काम की तलाश में निकले मजदूर पर हमला कर मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले का संक्षिप्त विवरण के अनुसार, प्रार्थी जीवनलाल प्रधान ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 5 नवंबर 2025 को वह अपने दोस्त के साथ काम की तलाश में PWD ओवरब्रिज, तेलीबांधा के पास खड़ा था। उसी समय लक्ष्मण बाघ (जो उसी क्षेत्र का निवासी है) वहां पहुंचा। वह भी काम की तलाश में आया हुआ था, लेकिन अचानक उसने जीवनलाल और उसके साथी के साथ धमकी देते हुए मारपीट की और दोनों के पास रखे मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
मजदूर ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी, जिस पर तेलीबांधा थाना प्रभारी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में अपराध क्रमांक 696/25 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की खोजबीन शुरू की। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों में सघन रेड कार्रवाई की। लगातार की गई तलाश के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी लक्ष्मण उर्फ समीर बाघ पिता बुरी बाघ (उम्र 32 वर्ष, निवासी हीरा नगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिली थीं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मजदूरों से झगड़ा कर मोबाइल लूटने की बात कबूल की है। तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि शहर में सड़क किनारे काम की तलाश में बैठे मजदूरों को भी अपराधी निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इस प्रकार की कोई घटना सामने आए तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। तेलीबांधा थाना टीम की इस त्वरित कार्रवाई की शहरवासियों ने सराहना की है।