Surguja. सरगुजा। जिले के उदयपुर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर प्लेन क्रैश की अफवाह ने प्रशासन और आम लोगों को घंटों परेशान किए रखा। चर्चा थी कि एक छोटा विमान कम ऊंचाई पर उड़ता देखा गया और बाद में उसके शंकरपुर के जंगल में गिरने की आशंका जताई गई। हालांकि शाम तक चली व्यापक खोजबीन में किसी भी प्रकार के विमान हादसे के प्रमाण नहीं मिले। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह सूचना पूरी तरह निराधार थी। जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र में दोपहर करीब ढाई बजे लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हुई कि एक छोटा विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ता नजर आया। कुछ देर बाद जंगल की दिशा से धुआं उठता दिखा। धुएं को देखकर लोगों ने अंदेशा जताया कि विमान क्रैश हो गया है। देखते ही देखते यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम सतर्क हो गई। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत मौके पर पहुंचे। पटवारी और कोटवारों की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शंकरपुर और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अफवाह का असर इतना व्यापक था कि सूरजपुर जिले में भी सरगुजा–सूरजपुर सीमा पर विमान हादसे की चर्चा फैल गई। प्रेमनगर और रामानुजनगर ब्लॉक से भी ग्रामीण संभावित हादसे की जगह की तलाश में निकल पड़े। बड़ी संख्या में लोग जंगल की ओर रवाना हुए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल मच गई। शाम करीब 5 बजे तक चली खोजबीन में किसी भी प्रकार के विमान के मलबे, विस्फोट या अन्य हादसे के संकेत नहीं मिले।
तलाशी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि जंगल में पहले से आग लगी हुई थी, जिससे धुआं उठ रहा था। दूर से उठता धुआं और कम ऊंचाई पर उड़ते विमान के संयोग ने लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी। उदयपुर एसडीएम बन सिंह नेताम ने बताया कि सूचना मिलते ही एहतियातन पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजी गई थी। विस्तृत जांच के बाद कहीं भी विमान दुर्घटना के प्रमाण नहीं मिले। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और अफवाहें न फैलाएं। वहीं सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने भी कहा कि संबंधित एजेंसियों से पुष्टि कराई गई है। किसी भी स्थान से प्लेन क्रैश की जानकारी नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अफवाह थी, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति बनी। घटना ने यह भी दर्शाया कि सोशल मीडिया और मौखिक चर्चाओं के माध्यम से अफवाहें कितनी तेजी से फैल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेने की अपील की है।