बैंक गार्ड से डबल बैरल बंदूक लूट का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी जशपुर से गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-10 17:49 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। सरगुजा जिले की अंबिकापुर पुलिस ने बैंक सुरक्षा गार्ड से हुई डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक की सनसनीखेज लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली थाना और गांधीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर जिले के कसाबेल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमोद कुमार एक्का, निवासी ग्राम टेडापहाड़, जिला जशपुर, वर्तमान में पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के रूप में पदस्थ हैं। दिनांक 8 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे वे अपना सामान पुराने किराये के मकान नवापारा से नए आवास प्रतापपुर नाका, अंबिकापुर स्थानांतरित कर रहे थे। प्रार्थी ने बताया कि उन्होंने अपने परिजनों और घरेलू सामान को ऑटो के माध्यम से भेज दिया था, लेकिन ऑटो में जगह कम होने के कारण वे स्वयं अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल ही नए मकान की ओर रवाना हो गए।

इसी दौरान नवापारा के कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पीछे से आया और प्रार्थी से बातचीत करते हुए कहा कि “कहां जाना है, पैदल क्यों जा रहे हो, चलो जहां जाना होगा छोड़ दूंगा।” मदद के भरोसे जैसे ही प्रार्थी मोटरसाइकिल पर बैठने लगा, आरोपी ने अचानक उनकी बंदूक छीन ली और तेज गति से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद प्रार्थी द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाना गांधीनगर पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 72/26 के तहत धारा 309(4) बी.एन.एस. में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को जशपुर जिले के कसाबेल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से लूटी गई डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किसी अन्य अपराध को अंजाम तो नहीं दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि हथियार लूट जैसे गंभीर मामलों में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News