Surguja. सरगुजा। जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक 13 वर्षीय नाबालिग फिकर साय भी शामिल है। हादसा मैनपाट के सपनादर-अवराडांड मार्ग पर हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा जाने के कारण यह दुर्घटना घटी।
अंधेरे में दिखा नहीं ट्रैक्टर, बाइक जा टकराई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपाट के कुनिया निवासी फिकर साय अपने मित्र सनी देवल (निवासी रोपाखार अवराडांड) के साथ बाइक से अंबिकापुर जा रहा था। फिकर साय की बहन अंबिकापुर के एक अस्पताल में भर्ती थी और वह उसके लिए कपड़े लेकर जा रहा था। बाइक पर दो अन्य युवक भी सवार थे। बताया जा रहा है कि जिस बाइक से वे जा रहे थे उसकी हेडलाइट बहुत कमजोर थी। हेडलाइट की रोशनी कम होने के कारण वे दरिमा से लौटकर वापस कुनिया आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे सपनादर-अवराडांड के बीच सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से बाइक सीधे टकरा गई।
घायल अवस्था में पड़े रहे सड़क पर
भारी टक्कर के बाद फिकर साय और सनी देवल बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान अंबिकापुर से मैनपाट घूमने आए सुशील बखला और उनके साथियों की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मदद करते हुए कमलेश्वरपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
बाइक में थे चार युवक, एक हादसे के बाद भागा
हादसे में घायल एक युवक ने पुलिस को बताया कि बाइक में कुल चार लोग सवार थे। टक्कर लगते ही पीछे बैठे किशोर और युवक को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर की कोई चेतावनी या रोशनी नहीं थी, जिससे बाइक सवारों को वह समय पर दिखाई नहीं दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की संभावित लापरवाही की जांच कर रही है और मामला दर्ज कर लिया गया है।
परिवार में पसरा मातम
हादसे के बाद कुनिया और अवराडांड गांव में शोक की लहर है। 13 साल का फिकर साय अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वहीं, सनी देवल की मौत ने भी पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।