Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ शासन एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार “शुद्ध दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो गया है। यह अभियान 11 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के पहले ही दिन औषधि और खाद्य सुरक्षा शाखा की टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर व्यापक जांच कार्रवाई की। अभियान के तहत औषधि शाखा द्वारा कॉस्मेटिक एजेंसियों, थोक और खुदरा औषधि विक्रेताओं, अस्पतालों एवं उनसे जुड़े फार्मेसी की जांच की जा रही है। साथ ही कोल्ड चेन व्यवस्था, वैक्सीन संधारण, स्वापक औषधियों के क्रय-विक्रय दस्तावेज, तथा एडवर्स ड्रग इवेंट रिपोर्टिंग प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और नियमावली 1945 के तहत की जा रही है।

पहले दिन औषधि शाखा की टीम ने दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में संचालित 7 कॉस्मेटिक विक्रय फर्मों का निरीक्षण किया। इनमें इंदिरा मार्केट दुर्ग, नेहरू नगर और पावर हाउस भिलाई के प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच के दौरान कहीं भी एलोपैथिक दवाओं का अवैध संग्रह नहीं पाया गया। साथ ही सभी फर्मों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की जांच की गई और संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे केवल अधिकृत एजेंसियों से ही बिल के माध्यम से कॉस्मेटिक सामग्री खरीदें। वहीं खाद्य शाखा द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर चाट, गुपचुप सेंटर, जूस, गन्ना रस, आइसक्रीम, सॉफ्ट ड्रिंक, डेयरी उत्पाद, मिठाई दुकान, होटल और रेस्टोरेंट सहित स्ट्रीट वेंडर्स की सघन जांच की गई। इस दौरान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, अखाद्य रंगों से बचने और डस्टबिन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कोटपा अधिनियम के तहत भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान मिलावटखोरी, नकली दवाओं और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में भी जिलेभर में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षित दवाएं और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags: