Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। मामले में हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गाली-गलौज करने से मना किया तो किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोनुमुड़ा सोनकरपारा निवासी मनोज पानीकर (49 वर्ष), पिता नंदकिशोर पानीकर ने 31 अक्टूबर 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर लौटे थे। इसी दौरान उनके घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार और उनके अन्य साथी स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। मनोज पानीकर ने युवकों को गाली-गलौज करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सभी ने एक राय होकर मनोज और उनके पुत्र प्रिंस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के साथ डंडे और तलवार का भी इस्तेमाल किया। हमले में पिता-पुत्र को चोटें आईं। घटना के बाद मनोज पानीकर ने जूटमिल थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

विवेचना में जोड़ी गई हत्या के प्रयास की धारा
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 दर्ज किया। शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। उपलब्ध साक्ष्यों तथा घटना की गंभीरता के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, तलवार और कपड़े जब्त
आरोपियों की पतासाजी के दौरान जूटमिल पुलिस की टीम ने उनके निवास स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं। जब्त तलवार की लंबाई और चौड़ाई के आधार पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु (28 वर्ष), पिता महेत्तर भट्ट, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल।
2. पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु (18 वर्ष 1 माह), पिता अश्वनी सिंह सिदार, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल।
3. छबी भट्ट उर्फ डब्बु (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय छेदीलाल भट्ट, निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल।

चौथे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी धनी भट्ट अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने और हिंसक वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: