Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में गणतंत्र दिवस 2026 के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 26 जनवरी को सुबह 9 बजे राज्यपाल रमेन डेका राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। यह अवसर छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि मुख्यमंत्री साय प्रदेश के दूसरे सीएम होंगे जो बिलासपुर के पुलिस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी 2001 से 2003 तक गणतंत्र दिवस पर बिलासपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराते रहे। इसके अतिरिक्त, डिप्टी सीएम अरुण साव बस्तर और डिप्टी सीएम विजय शर्मा सरगुजा जिला मुख्यालय में झंडारोहण करेंगे।

गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में 117 टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। इनमें शामिल हैं:
सीमा सुरक्षा बल (BSF)
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF)
भारत-तिब्बत सीमा बल (ITBP)
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF)
सशस्त्र सीमा बल (SSB)
उत्तरप्रदेश पुलिस
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला)
छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरुष)
जेल पुलिस (पुरुष)
नगर सेना (पुरुष एवं महिला)
एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स

पर्यावरण को और आकर्षक बनाने के लिए घुड़सवार दल, बैंड प्लाटून और डॉग स्क्वॉड विशेष प्रस्तुति देंगे। गणतंत्र दिवस पर 12 सदस्यीय पुलिस डॉग स्क्वॉड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। स्वान दल अपनी फुर्ती, अनुशासन और प्रशिक्षण क्षमता से सभी का ध्यान खींचेंगे। ये प्रशिक्षित स्वान हत्या, चोरी-डकैती और मादक पदार्थों से जुड़े गंभीर अपराधों की जांच में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी प्रस्तुति छत्तीसगढ़ पुलिस स्वान दल की पेशेवर दक्षता और राष्ट्रीय उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगी। समारोह में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की विविधता और शक्ति का संदेश देंगे।

प्रमुख प्रस्तुतियां हैं:
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सरगुजा – “विकसित भारत, बढ़ता भारत”
शिवोम विद्यापीठ, दुर्ग (सांकरा) – “जयतु जयतु भारत”
पी.जी. उमाठे शासकीय कन्या अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, शांति नगर रायपुर – “आरंभ है प्रचंड”
इन कार्यक्रमों के माध्यम से संस्कृति, नारी शक्ति, युवा सामर्थ्य और विकसित भारत की झलक देखने को मिलेगी।

इससे पहले शनिवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल किया गया। रिहर्सल में डॉग स्क्वॉड,
घुड़सवार दल
और विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने अनुशासन, तालमेल और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट, गार्ड ऑफ ऑनर, पदक अलंकरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप से परखा गया। रिहर्सल में पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल की भूमिका निभाते हुए डीएसपी गिरीश कोरी ने सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। समारोह में सुरक्षा, अनुशासन और शानदार प्रस्तुति के साथ रायपुर और बिलासपुर दोनों स्थानों पर गणतंत्र दिवस की धूम देखने को मिलेगी।
Tags: