Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार देर रात धनेली में पनीर की संदिग्ध खेप पकड़ी। खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर सहायक आयुक्त डोमेंद्र ध्रुव ने एक पिकअप वाहन और कार को रोककर जांच की। पिकअप में लगभग 30 डिब्बे थे, जिनमें प्रत्येक में करीब 50 किलो पनीर बताया गया। कार में भी तीन डिब्बे लोड मिले।
अधिकारियों के अनुसार, कार सौरभ शर्मा की थी और वह वाहन में मौजूद था। आरोप है कि जांच के दौरान उसने कार्रवाई का विरोध किया, अधिकारियों से बहस की और कार लेकर निकलने का प्रयास किया। डिब्बे खोलने पर पनीर सफेद सादी झिल्लियों में पैक मिला।
पिकअप वाहन में पनीर फैक्ट्री संचालक हिमांशु बंसल के ब्रांड का माल था। उसकी पैकिंग पर उत्पाद संबंधी जानकारी छपी हुई थी। अधिकारियों ने दोनों वाहनों में रखे डिब्बों को खोलकर पनीर के सैंपल लिए। खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने सभी डिब्बों को खोलकर जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद डिब्बों को कोल्ड स्टोरेज में रखवाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हिमांशु बंसल से संबंधित पनीर पूर्व में जांच में एनालॉग पाया गया था। हालांकि, उसका पिछला सैंपल जांच में पास होने की जानकारी भी दी गई है। ऐसे में इस बार पकड़ी गई खेप की गुणवत्ता के बारे में सैंपल जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
विभाग के अनुसार, सौरभ शर्मा का माल पहले भी रेलवे और पिकअप वाहन से परिवहन के दौरान पकड़ा जा चुका है। पूर्व में उससे संबंधित माल एनालॉग पाए जाने की बात भी अधिकारियों ने कही है। फिलहाल दोनों वाहनों से मिली खेप के नमूने लिए गए हैं। मौजूदा पनीर को नकली या एनालॉग घोषित करने के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार है। विभाग ने सभी डिब्बों की जांच और सुरक्षित भंडारण की कार्रवाई की है।
Tags: