रायपुर : अपने सपनों का घर बनाने के लिए सरकारी सहायता की किस्तों का इंतजार करने वाले हितग्राहियों को छत्तीसगढ़ शासन ने महत्वपूर्ण राहत दी है। अब सरकारी किस्त मिलने में हुई देरी का खामियाजा आवास योजना के लाभार्थियों को नहीं भुगतना पड़ेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना की पात्रता निर्धारित करने के नियमों में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत निर्माण के विभिन्न चरणों में सरकारी किस्त के भुगतान का इंतजार करने में बीता समय मकान निर्माण की निर्धारित अवधि में नहीं जोड़ा जाएगा। इससे पात्र हितग्राहियों को 32 हजार 850 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को निर्माण अवधि की गणना के लिए नए फार्मूले का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इस बदलाव का उद्देश्य सरकारी भुगतान में होने वाली देरी और हितग्राही द्वारा मकान निर्माण में लगाए गए वास्तविक समय के बीच अंतर करना है।
सरकारी किस्त के इंतजार का समय होगा अलग
मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत मकान निर्माण की अवधि निर्धारित करने के लिए अब भवन अनुज्ञा जारी होने से लेकर आवास का निर्माण पूरा होने के अंतिम जियोटैग तक की अवधि की गणना की जाएगी। हालांकि, इसमें से निर्माण के तीन प्रमुख चरणों में सरकारी किस्त के भुगतान के इंतजार में बीता समय घटाया जाएगा। इन चरणों में मकान की नींव यानी फाउंडेशन, लिंटल और छत निर्माण का स्तर शामिल है। प्रत्येक चरण का जियोटैग होने से लेकर संबंधित सरकारी किस्त का भुगतान होने तक की अवधि को वास्तविक निर्माण अवधि से अलग रखा जाएगा। इससे सरकारी स्तर पर भुगतान में देरी होने की स्थिति में हितग्राहियों की प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने की पात्रता प्रभावित होने की आशंका कम होगी।
सरकारी देरी का खामियाजा नहीं भुगतेंगे हितग्राही
पहले की व्यवस्था में मकान निर्माण की कुल अवधि में सरकारी किस्तों के भुगतान का इंतजार भी शामिल हो जाता था। ऐसे में हितग्राही की ओर से निर्माण कार्य समय पर आगे बढ़ाने के प्रयासों के बावजूद राशि मिलने में देरी होने पर निर्धारित समय सीमा पार होने का खतरा बना रहता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मकान निर्माण के अगले चरण को पूरा करने में सरकारी सहायता की किस्त महत्वपूर्ण होती है। राशि समय पर नहीं मिलने से निर्माण प्रभावित हो सकता है। ऐसे में नई गणना प्रणाली से हितग्राहियों की वास्तविक निर्माण अवधि का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा।
18 महीने में मकान पूरा करने पर मिलेंगे 32,850 रुपये
मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को निर्धारित 18 महीने के भीतर मकान निर्माण पूरा करने पर राज्य सरकार की ओर से 32 हजार 850 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। नए आदेश में सम्मान राशि और लाभार्थियों की निर्धारित संख्या में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। केवल निर्माण अवधि की गणना के नियमों में संशोधन किया गया है। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को नई व्यवस्था के अनुरूप हितग्राहियों की पात्रता का निर्धारण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बदलाव से अपना घर बनाने में जुटे ऐसे परिवारों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके आवास का निर्माण सरकारी किस्तों के भुगतान में देरी के कारण प्रभावित हुआ है।
Tags: