Bhilai. भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप में मौजूद हजारों आवासों को लेकर सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी ने प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर सेवाएं विभाग ने RTI के जवाब में बताया कि टाउनशिप में कुल 33327 आवास हैं, लेकिन इनमें कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी निवासरत हैं, इसकी जानकारी विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं, विभाग ने यह भी जानकारी नहीं दी कि अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के कितने रहने योग्य आवास वर्तमान में खाली पड़े हैं। लिखित जवाब में जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है, जिसके बाद आवास प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यह RTI आवेदन सेक्टर-10 की पूर्व पार्षद उपासना साहू ने नगर सेवाएं विभाग में लगाया था। आवेदन में उन्होंने बीएसपी टाउनशिप के आवासों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण सवाल पूछे थे।
RTI में पूछे गए तीन सवाल
पूर्व पार्षद उपासना साहू ने पूछा था कि—
भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप में कुल कितने आवास हैं?
इनमें कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी निवासरत हैं?
अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के कितने रहने योग्य आवास खाली पड़े हैं?
इन सवालों के जवाब में नगर सेवाएं विभाग ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप में कुल 33327 आवास हैं। वहीं दूसरे और तीसरे सवाल के जवाब में विभाग ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी के निवासरत होने तथा रहने योग्य खाली आवासों की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
आवास प्रबंधन पर उठे सवाल
RTI के जवाब के बाद अब सवाल उठ रहा है कि इतने बड़े औद्योगिक संस्थान की टाउनशिप में हजारों आवास होने के बावजूद आवंटन और उपयोग की स्थिति का रिकॉर्ड विभाग के पास क्यों उपलब्ध नहीं है। लोगों का कहना है कि आवास आवंटन विभाग के पास यह स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए कि कौन सा आवास किस अधिकारी या कर्मचारी को आवंटित है और कितने आवास खाली हैं। रिकॉर्ड की अनुपलब्धता से प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
बीएसपी प्रबंधन को लेकर पहले भी RTI के तहत जानकारी नहीं देने या अधूरी जानकारी देने की शिकायतें सामने आती रही हैं। कई मामलों में आवेदकों ने आरोप लगाया है कि मांगी गई सूचनाओं का पूरा जवाब नहीं मिलता या जानकारी टालने की कोशिश की जाती है। हालांकि, इस मामले में नगर सेवाएं विभाग का जवाब सीधे तौर पर आवासों की संख्या और उनमें रहने वाले लोगों की स्थिति से जुड़ा है। ऐसे में यह सवाल और महत्वपूर्ण हो जाता है कि आखिर टाउनशिप में आवासों की वास्तविक स्थिति का पूरा रिकॉर्ड किस विभाग के पास है।
33327 आवासों की निगरानी पर सवाल
भिलाई टाउनशिप बीएसपी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बनाई गई देश की प्रमुख औद्योगिक कॉलोनियों में शामिल है। यहां हजारों परिवार रहते हैं। ऐसे में आवासों के आवंटन, खाली पड़े मकानों और उनके रखरखाव की सटीक जानकारी होना जरूरी माना जाता है। RTI जवाब के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि नगर सेवाएं विभाग को अपने रिकॉर्ड सिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में आवासों से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।