रायपुर में रईसजादों का आतंक, बाइक सवार युवकों पर कीचड़ उछाला, फिर की मारपीट
क्या गंज पुलिस बेबस?
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से एक युवक के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक मजदूर वर्ग के युवक के साथ पहले विवाद किया और फिर उसके साथ मारपीट करते हुए उसे बीच सड़क पर घुटनों के बल बैठकर माफी मांगने के लिए मजबूर कर दिया। जानकारी के अनुसार, पूरा मामला राठौर चौक स्थित बिरयानी जंक्शन के पास का बताया जा रहा है। यहां कुछ युवक कार से गुजर रहे थे। आरोप है कि बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी कार के पहियों से उछलकर वहां मौजूद मजदूर वर्ग के युवकों पर जा गिरा।
पानी के छींटे पड़ने को लेकर युवकों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कार सवार युवकों ने विवाद को बढ़ाते हुए मजदूर युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद 5 से 6 युवकों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के बाद भी मामला नहीं रुका और दबंग युवकों ने पीड़ित को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित युवक को भरे बाजार में सड़क पर घुटनों के बल बैठने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच घटना को लेकर चर्चा होती रही।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत गंज थाना पुलिस से की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि शिकायत के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है, जिससे पीड़ित पक्ष में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित मजदूर वर्ग से संबंधित है और रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके साथ दबंगई की गई और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा सकती है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में इस तरह की घटनाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल मामला पुलिस जांच में है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना में शामिल युवकों के खिलाफ कौन-कौन सी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।