राम विचार नेताम ने किया गणेश विसर्जन, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की की कामना
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी नवा रायपुर स्थित केबिनेट मंत्री राम विचार नेताम के शासकीय आवास पर गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री नेताम अपनी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम के साथ उपस्थित रहे और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना एवं यज्ञ कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा-पाठ के दौरान पूरे आवासीय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंत्रोच्चार और भजन की धुन पर गणपति बप्पा की आराधना की गई। गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर नेताम दंपत्ति ने प्रदेश की खुशहाली और शांति के लिए प्रार्थना की।
नेताम ने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी सभी प्रदेशवासियों के जीवन से बाधाओं को दूर कर हर घर-परिवार में सुख, समृद्धि और मंगल का संचार करें। उन्होंने श्रद्धापूर्वक कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ की धरती पर शांति, सौहार्द और प्रगति का प्रकाश बना रहे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर नेताम परिवार और कार्यकर्ताओं ने मिलकर बप्पा को विदाई दी। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भावपूर्ण स्वर में "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस आप जल्दी आना" का उद्घोष किया। वातावरण भक्तिभाव और उमंग से गूंज उठा। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ने मंत्री नेताम और उनकी धर्मपत्नी के साथ भगवान गणेश की आराधना कर जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता की अनुभूति की। गणेशोत्सव के दौरान शासकीय आवास पर लगातार श्रद्धालुओं का आना-जाना रहा। नेताम परिवार ने प्रत्येक आगंतुक का आत्मीय स्वागत किया और प्रसाद वितरण कर गणेश भक्तों को विदा किया। इस धार्मिक अवसर पर नेताम ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे गणेश उत्सव जैसे पर्वों को सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवसर समाज को जोड़ने का काम करते हैं और भारतीय संस्कृति की शक्ति को दर्शाते हैं। गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान वातावरण में भावुकता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भक्तों ने अपने आराध्य को विदा करते हुए उन्हें अगले वर्ष पुनः शीघ्र आने का निमंत्रण दिया।