पुलिस भाइयों की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, बहनों की सुरक्षा का लिया संकल्प
छग
Raigarh. रायगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में स्नेह, सम्मान और विश्वास से भरा कार्यक्रम “एक शाम राखी के नाम” आयोजित किया गया। लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। पुलिस अधिकारियों ने भी बहनों को उपहार भेंट करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी एसएन सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। लायंस क्लब प्राइड की सदस्यों ने सभी पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया, राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधने का दृश्य आत्मीय और भावुक रहा। पुलिस परिवार ने बहनों का सम्मान करते हुए भाई-बहन के इस रिश्ते को केवल एक पर्व तक सीमित नहीं रखने का संदेश दिया। पुलिसकर्मियों ने समाज में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ विश्वास, सहयोग और सम्मान का वातावरण मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रक्षाबंधन का पर्व सुरक्षा और विश्वास के उस पवित्र रिश्ते की याद दिलाता है, जिसे पुलिस हर परिस्थिति में निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और बच्चे अपनी किसी भी समस्या, शिकायत या आवश्यक मार्गदर्शन के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। एसएसपी ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों और कॉल की जांच महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाती है। इसका उद्देश्य समस्या बताने वाली महिलाओं और बच्चों को संवेदनशीलता के साथ सहायता उपलब्ध कराना है। पुलिस का प्रयास रहता है कि पीड़ित बिना किसी भय और संकोच के अपनी बात रख सकें तथा उनकी शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई हो।
शशि मोहन सिंह ने रायगढ़ की संस्कृति और यहां के लोगों के आत्मीय व्यवहार की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले की जनता और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं जुड़ाव है। पुलिस द्वारा संचालित जनहित और जागरूकता कार्यक्रमों में रायगढ़ के नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। जनता का यही सहयोग पुलिस को अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी तरीके से निर्वहन करने की ऊर्जा देता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस “सेवा, सुरक्षा और समर्पण” की भावना के साथ काम करती रहेगी। जनता की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए पुलिस की टीम हर समय उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम में लायंस क्लब प्राइड की अध्यक्ष डॉ. सविता साव, कोषाध्यक्ष मनीषा वर्मा, आशा बेरीवाल, चंपा अग्रवाल, शिखा खजांची, डॉ. प्रियंका सक्सेना, रानू पटेल, भावना पुलस्तिया, रितु तायल, मंजू डालमिया, निर्मला बेरीवाल, तान्या साव, दीपिका साव और चरंजीत घई ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। “एक शाम राखी के नाम” कार्यक्रम ने पुलिस और आम नागरिकों के बीच मजबूत होते आत्मीय संबंधों का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। राखी के पवित्र धागे में जहां बहनों का स्नेह और विश्वास दिखाई दिया, वहीं पुलिस भाइयों के संकल्प में सुरक्षा, सेवा और सम्मान की भावना नजर आई। आयोजन के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को आवश्यकता पड़ने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने का संदेश भी दिया गया।