Raipur. रायपुर। डॉ. संजीव शुक्ला पुलिस कमिश्नर रायपुर की परिकल्पना एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ.अर्चना झा निर्देशन पर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे “ट्रैफिक हैकाथॉन-2026” के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए IIT भिलाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में IIT भिलाई के डायरेक्टर डॉ. राजीव प्रकाश, डीन संतोष विश्वास, चीफ टेक्निकल ऑफिसर अविजित महतो सहित दुर्ग-भिलाई के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू द्वारा IIT भिलाई के विद्यार्थियों को ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की अवधारणा, उद्देश्य, विषय-वस्तु, सहभागिता एवं चयन प्रक्रिया के संबंध में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात व्यवस्था से जुड़ी वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके तकनीकी, व्यावहारिक एवं नवाचारी समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

“Our City | Our Roads | Our Ideas”
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है। इसका उद्देश्य शहर की यातायात संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए विद्यार्थियों, इंजीनियरों, अर्बन प्लानर्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ एवं आम नागरिकों के रचनात्मक विचारों को एक मंच प्रदान करना है। एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल समस्या की पहचान तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसी तकनीकी एवं व्यवहारिक योजनाएं प्रस्तुत करें जिन्हें भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था में लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच एवं नवाचार रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

हैकाथॉन में 6 प्रमुख विषय
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में प्रतिभागी निम्नलिखित प्रमुख विषयों पर अपने आइडिया एवं समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं—
1. ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
2. पार्किंग प्रबंधन
3. सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियंत्रण
4. सार्वजनिक परिवहन का एकीकरण
5. गैर-मोटर चालित परिवहन — पैदल एवं साइकिल ट्रैक
6. ट्रैफिक प्रबंधन में AI/IoT का उपयोग
व्यक्तिगत अथवा टीम के रूप में कर सकते हैं सहभागिता
हैकाथॉन में व्यक्तिगत अथवा टीम के रूप में भाग लिया जा सकता है। इसमें विद्यार्थी, इंजीनियर, अर्बन प्लानर, स्टार्टअप, एनजीओ एवं नागरिक भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी एक या एक से अधिक विषयों पर अपने नवाचार एवं समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं।

17 अगस्त से 17 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन एवं सबमिशन
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के लिए रजिस्ट्रेशन एवं आइडिया सबमिशन की प्रक्रिया 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। प्रतिभागियों द्वारा Google Form के माध्यम से अपने आइडिया , फोटो/वीडियो, मैप अथवा अन्य आवश्यक सामग्री के साथ अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा सकता है, ट्रैफिक हैकाथॉन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने वाले विजेताओं को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आकर्षक पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

IIT भिलाई एवं अन्य कॉलेज के विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान IIT भिलाई एवं अन्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट सिग्नल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा आधारित ट्रैफिक विश्लेषण, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं सार्वजनिक परिवहन से संबंधित विषयों में रुचि दिखाई। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया कि वे अपने तकनीकी ज्ञान को शहर की वास्तविक यातायात समस्याओं के समाधान से जोड़ते हुए उपयोगी एवं लागू किए जा सकने वाले मॉडल तैयार करें। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा इस पहल के माध्यम से पुलिस, तकनीकी संस्थानों, युवाओं, विशेषज्ञों एवं नागरिकों को एक मंच पर लाकर यातायात संबंधी समस्याओं के नए एवं स्थायी समाधान विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने अधिक से अधिक युवाओं एवं तकनीकी संस्थानों से ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में सहभागिता कर “अपने शहर, अपनी सड़कों और अपने विचारों” के माध्यम से रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देने की अपील की है।
Tags: