त्योहारी भीड़ से पहले रायपुर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, तीनों जोन में एक साथ ताबड़तोड़ चेकिंग
छग
Raipur. रायपुर। आगामी त्योहारों और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए राजधानी में चोरी, उठाईगिरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को शहर के तीनों जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन और आकस्मिक चेकिंग की गई। अभियान में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में भी जवानों को तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और संदिग्ध वाहनों की जांच करने के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की। कुछ व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस के मुताबिक त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी की जा रही है। अभियान में ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी गई, जो दूसरे राज्यों या शहरों से रायपुर आकर ई-रिक्शा अथवा ऑटो रिक्शा के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में घूमते हैं और जिनके चोरी या उठाईगिरी जैसी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका हो। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई संदिग्ध गतिविधि और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
सादे कपड़ों में भी तैनात रही पुलिस
चिन्हित स्थानों पर पुलिस की टीमें सादे कपड़ों और वर्दी में तैनात की गईं। ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा को रोककर उनमें सवार लोगों से आवश्यक पूछताछ की गई। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान और पूर्ववृत्त के संबंध में जानकारी जुटाई गई। सेंट्रल जोन के गंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, फाफाडीह चौक और तेलघानी नाका पर चेकिंग की गई। गोलबाजार थाना क्षेत्र में शास्त्री चौक और जयस्तंभ चौक, देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में कपड़ा मार्केट और कोतवाली थाना क्षेत्र में कालीबाड़ी चौक सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर पुलिस टीमों ने जांच अभियान चलाया।
चेकिंग में हथियार के साथ युवक पकड़ाया
विशेष अभियान के दौरान गोलबाजार पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे मुकेश नायक उर्फ मुक्कु को पकड़ा। पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवक घड़ी चौक लोहार पारा का रहने वाला है। उसके पास कथित तौर पर अवैध धारदार हथियार मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वेस्ट जोन में भी कई प्रमुख स्थानों पर एक साथ जांच की गई। टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका और बस स्टैंड, आजाद चौक क्षेत्र के आमापारा तिराहा, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र, डीडी नगर क्षेत्र के राजपुर चौक और आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध सहित अन्य स्थानों पर पुलिस टीमों ने संदिग्ध लोगों की पहचान कर पूछताछ की।
नॉर्थ जोन में बाजार और स्टेशन के आसपास जांच
नॉर्थ जोन के खमतराई थाना क्षेत्र में खमतराई बाजार और भनपुरी, गुढ़ियारी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पीछे और पंडरी थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग की गई। अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को संबंधित थानों में लाकर विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस ने उनकी गतिविधियों और पूर्ववृत्त के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान परिस्थितियों और आचरण के आधार पर कुछ लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि चोरी और उठाईगिरी में शामिल लोगों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ऐसे अपराधों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। आसपास कोई संदिग्ध महिला या पुरुष अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को तत्काल जानकारी देने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार आगामी त्योहारों के दौरान इस तरह के आकस्मिक अभियान आगे भी जारी रहेंगे।