Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रातभर सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी सेंट्रल जोन के कोतवाली और सिविल लाइन डिवीजन क्षेत्र में पुलिस टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी करते हुए नशाखोरी, हुल्लड़बाजी, लड़ाई-झगड़ा, गाली-गलौज और लोक शांति भंग करने वाले संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 27 संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, तेलीबांधा और देवेंद्र नगर क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की गई। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
कोतवाली में 8, गोलबाजार में 5 पर कार्रवाई
रात्रि गश्त के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के टीआई चौक, बैजनाथपारा और नगर निगम भवन के आसपास लोक शांति भंग करने की स्थिति में मिले 8 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें आशीष निषाद, शुभम सोनी, शेख इशान, फर्दीन खान, मोहम्मद नवाब, आदेश खटीक, सुतोष सलूजा और मनीष वर्मा शामिल हैं। गोलबाजार थाना क्षेत्र में जयस्तंभ चौक और आसपास चेकिंग के दौरान 5 लोगों पर कार्रवाई की गई। इनमें विष्णु उर्फ पिंटू तिवारी, कुलदीप ध्रुव उर्फ छोटू, भावेश जांगड़े, तामेश्वर साहू और तामराध्वज साहू उर्फ छोटू शामिल हैं। इसी तरह मौदहापारा क्षेत्र में 2 तथा गंज थाना क्षेत्र में 4 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सिविल लाइन में 4, तेलीबांधा में 3 और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 1 व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक कुल 22 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं अभियान के दौरान अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई
रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों की भी जांच की। ब्रीथ एनालाइजर के जरिए जांच के दौरान एक चालक के शराब के प्रभाव में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। उसके खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और ब्रेजा कार को जब्त किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की भी जांच की गई। कुछ वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म हटवाई गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की भी बारीकी से जांच की।
संदिग्ध युवकों से पूछताछ
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों में मिले कुछ युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस ने उनके नाम-पते और अन्य आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया। संतुष्ट होने के बाद कुछ लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया। वहीं नाबालिग वाहन चालकों और संदिग्ध अवस्था में मिले कुछ युवकों के परिजनों को थाने बुलाकर आवश्यक समझाइश दी गई। इसके बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया।
अपराध रोकने पुलिस की लगातार निगरानी
रायपुर पुलिस का कहना है कि रात के समय अपराध और असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त और चेकिंग लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, हुल्लड़बाजी, लड़ाई-झगड़ा, गाली-गलौज या लोक शांति भंग करने वालों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी। संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ वाहन जांच और पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
Tags: