Raipur. रायपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और चौक-चौराहों पर बढ़ने वाली भीड़ तथा वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान उन्होंने त्योहार के समय आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 यातायात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा सहित यातायात कमिश्नरेट में पदस्थ राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हुए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। इसके कारण प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिन स्थानों पर अधिक दबाव रहने की संभावना है, वहां आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल लगाया जाए। यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारी सक्रिय रहें।
पुलिस कमिश्नर ने बाजारों में अतिक्रमण की समस्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित नहीं किया जाना चाहिए। प्रमुख चौक-चौराहों, तिराहों और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। बाजारों के आसपास उपलब्ध बड़े पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने को कहा गया। दुकानों के सामने उपलब्ध पार्किंग स्थानों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े करने से रोकने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित पार्किंग और नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बाजारों में लगने वाले ठेलों और अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि मुख्य मार्गों पर आवाजाही प्रभावित न हो। बैठक में पैदल यात्रियों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई। बाजारों में आने वाले नागरिकों के लिए सुरक्षित पैदल मार्ग उपलब्ध कराने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने को कहा गया। अधिकारियों को प्रमुख बाजारों तथा व्यस्त सड़कों पर लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों और व्यापारी संघों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय और संबंधित विभागों के सहयोग से त्योहार के पहले आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। यातायात व्यवस्था के संचालन में आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 13 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस के अनुसार, नियमित चेकिंग के दौरान पांच अलग-अलग प्रकरणों में चोरी के वाहन बरामद करने और एक प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में यातायात पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्मानित होने वालों में आरक्षक मोतीलाल लहरे, सैनिक अशोक शर्मा, आरक्षक डी. सीमांचल राव, आरक्षक गोविंद सोनी, सैनिक महेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक लक्षण निषाद, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार सोनवानी, आरक्षक गजे सिंह मरकाम, प्रधान आरक्षक बृजेश कुमार तिवारी, आरक्षक संदीप साहू, आरक्षक देवेंद्र पांडे और आरक्षक कृत राम साहू शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी 13 अधिकारी-कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सजगता और समर्पण के साथ किया गया उत्कृष्ट कार्य सराहनीय है। ऐसे कर्मचारी अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं। रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और दीपावली के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।