Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता (IPS) के मार्गदर्शन में महंत लक्ष्मीनारायण कॉलेज, गांधी मैदान के सामने परिसर में “संवाद से समाधान” अभियान के तहत एक मेगा पुलिस–छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार तथा ट्रैफिक शाखा से सहायक उप निरीक्षक टी.के. भोई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं युवाओं के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना, विश्वास स्थापित करना और साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने छात्रों को बताया कि “संवाद से समाधान” अभियान का मूल उद्देश्य समुदाय और पुलिस के बीच भरोसे का पुल बनाना है, ताकि किसी भी समस्या की त्वरित पहचान और समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा ने छात्रों को साइबर अपराधों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ओटीपी फ्रॉड, फर्जी केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन लोन ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक और कॉल के माध्यम से होने वाली ठगी के मामलों के उदाहरण साझा किए। उन्होंने साइबर हाइजीन के महत्व पर जोर देते हुए मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, संदिग्ध लिंक से दूरी और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने “साइबर दोस्त” सोशल मीडिया हैंडल्स, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और रायपुर पुलिस के आधिकारिक फेसबुक व इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म को फॉलो करने की अपील की। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करना अत्यंत आवश्यक है। थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने नशा मुक्ति एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन नंबर 1933 के उपयोगिता पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस नंबर पर पूर्ण गोपनीयता के साथ नशे की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना दी जा सकती है। छात्रों को बताया गया कि नशा केवल स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर डालता है।
ट्रैफिक शाखा से उपस्थित एएसआई टी.के. भोई ने छात्रों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट पहनने, संयमित गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का अनुशासनपूर्वक पालन करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान “Know your Police” संदेश के माध्यम से छात्रों को यह भी बताया गया कि रायपुर पुलिस हमेशा आपकी सेवा में तत्पर है। आपात स्थिति में डायल 112, कंट्रोल रूम नंबर 9479191099, महिला हेल्पलाइन 9479210932, साइबर हेल्पलाइन 1930 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 9479191234 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने जिज्ञासावश प्रश्न पूछे और कॉलेज एवं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सुझाव साझा किए। इस मेगा छात्र–पुलिस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से रायपुर पुलिस ने युवाओं को साइबर सुरक्षा, नशामुक्त जीवन और ट्रैफिक नियमों के पालन के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए विश्वास और सहयोग का संदेश दिया।