Raipur. रायपुर। शहर में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नॉर्थ जोन अंतर्गत आने वाले विभिन्न थाना क्षेत्रों में निवासरत 72 चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को थाने में हाजिर कराया गया। इसके बाद सभी की परेड लेकर उन्हें कड़ी समझाइश दी गई। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में की गई। अभियान के तहत थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पण्डरी एवं खम्हारडीह क्षेत्रों में निवासरत चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य आपराधिक तत्वों को दिनांक 29 जनवरी 2026 को संबंधित थानों में बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की मौजूदगी में सभी की पहचान, गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस द्वारा आयोजित इस परेड का मुख्य उद्देश्य यह स्पष्ट संदेश देना था कि शहर में अपराध और अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परेड के दौरान अधिकारियों ने सभी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में वे किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें यह भी समझाइश दी गई कि वे स्वयं अपराध से दूर रहें और यदि उनके संपर्क या आसपास कोई व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने सभी चाकूबाजों और हिस्ट्रीशीटरों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह अपने संबंधित थानों में नियमित रूप से हाजिरी दें। इसके अलावा, अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने, किसी भी छोटी या बड़ी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की गई। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जब भी पुलिस द्वारा बुलाया जाए, वे बिना किसी बहाने के तुरंत उपस्थित हों। इस अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो, वीडियो और रील्स पोस्ट करने वालों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘गुंडा’, ‘डॉन’, ‘माफिया’ और ‘गैंगस्टर’ जैसे नामों से आईडी बनाकर हाथ में चाकू, तलवार, एयर गन, पिस्टलनुमा लाइटर गन जैसे हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर समाज में डर का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे सभी लोगों को भी थाने में हाजिर कर कड़ी समझाइश दी गई कि वे इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति न करें।