रायपुर नगर निगम मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा का भव्य शुभारंभ

छग

Update: 2026-02-24 15:46 GMT
Raipur. रायपुर। नगर निगम के नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आज संध्या महापौर मीनल चौबे ने रायपुर नगर निगम मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर महापौर ने उद्घाटन बल्लेबाजी की और स्पर्धा की प्रतीकात्मक शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और आयुक्त विश्वदीप ने भी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, वित्त विभाग अध्यक्ष महेन्द्र खोडियार, नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग अध्यक्ष मनोज वर्मा,  राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार भारती बागल, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू, लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जोन अध्यक्षगण, पार्षद, कर्मचारी और क्रिकेटप्रेमी आमजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा में प्रत्येक टीम में 2 महिला खिलाड़ी और 2 प्लेसमेंट कर्मचारी खेलेंगे। प्रत्येक मैच की पहली गेंद महिला खिलाड़ी फेंकेंगी और वही पहली गेंद खेलेंगी। इस नियमावली के तहत मैचों का संचालन किया जाएगा। स्पर्धा में नियमित अधिकारी और कर्मचारी, वार्ड पार्षद सहित जनप्रतिनिधि भी अपनी टीम का हिस्सा होंगे। उद्धाटन मैच जोन 7 और जोन 10 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जोन 10 ने 10 ओवर में 139 रन बनाए। जोन 10 के नकुल ने शानदार शतक लगाते हुए अपनी टीम का स्कोर सशक्त किया। हालांकि पहले मैच में जोन 7 की टीम ने जोन 10 को हराकर जीत दर्ज की। जोन 7 के खिलाड़ी गोपाल ने 22 गेंदों में 68 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा के आगामी कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी को जोन 3 और जोन 2 तथा जोन 6 और जोन 9 की टीमों के बीच दो मैच खेले जाएंगे। ये मैच शाम 6 बजे और रात 8 बजे से होंगे। 26 और 27 फरवरी को क्वार्टर फाइनल, 28 फरवरी को सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले 1 मार्च को आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक मैच 10 ओवर सीमित के होंगे। इस स्पर्धा का उद्देश्य नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों में खेल-कूद के प्रति उत्साह बढ़ाना, टीम भावना को सुदृढ़ करना और महिला खिलाड़ियों को खेल के प्रति
प्रोत्साहित
करना है। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह स्पर्धा युवाओं, कर्मचारियों और पार्षदों के लिए खेल और मनोरंजन का उत्कृष्ट अवसर है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और fair play एवं खेल भावना का पालन करने पर जोर दिया। राज्य और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों की तकनीकी तैयारी, अभ्यास और खेल भावना की सराहना की गई। मेयर कप क्रिकेट के इस आयोजन से नगर निगम क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ टीम भावना विकसित होगी।
Tags:    

Similar News