Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी आज रात 9 बजे से शुरू होगी। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह पहली बड़ी गणेश विसर्जन झांकी होगी, जिसे लेकर विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। झांकी रूट के साथ शहर की अन्य सड़कों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी। लोगों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक प्लान
गणेश विसर्जन झांकी को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन सुबह से ही बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग की तैयारी में जुटा रहा। शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी मार्ग पर खुलने वाली सड़कों को बैरिकेडिंग कर बंद किया जाएगा और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था
झांकी के दौरान सुरक्षा के लिए तीन लेयर का सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत करीब 2000 जवानों की तैनाती की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी। झांकी मार्ग पर कई वॉच टावर बनाए गए हैं, जहां से पुलिसकर्मी निगरानी रखेंगे। इसके अलावा झांकी रूट पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध लोगों की धरपकड़ के लिए एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी।
शराब दुकानें रहेंगी बंद
गणेश विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के साथ बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, शाम 4 बजे से सभी शराब दुकानों को सील कर दिया जाएगा। आबकारी विभाग ने यह कार्रवाई नशे में हंगामा और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की है।
शारदा चौक से शुरू होगी झांकी
गणेश विसर्जन झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी। इसके बाद जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकाली तालाब रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर जाएगी। पूरे झांकी मार्ग को 6 सुरक्षा जोन में बांटा गया है। इन जोन के अंतर्गत 30 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी और अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
जर्जर मकानों पर पुलिस की निगरानी
झांकी मार्ग के सदर बाजार क्षेत्र में नगर निगम ने निरीक्षण कर 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस जवानों को भी तैनात किया जाएगा, ताकि कोई व्यक्ति इन मकानों की छतों पर चढ़कर झांकी न देख सके। सदर बाजार में साउंड सिस्टम की आवाज को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं। ध्वनि स्तर जांचने के लिए मशीनें भी लगाई जाएंगी। 50 डेसिबल से अधिक आवाज मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
झांकी देखने पहुंचने वाले लोगों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से पार्किंग व्यवस्था की गई है। तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शहीद स्मारक भवन के पास पार्क कर सकेंगे। वहीं कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र के लोगों के लिए गांधी मैदान के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मठपारा और पुरानी बस्ती क्षेत्र के श्रद्धालु इंडोर स्टेडियम के पास वाहन खड़े कर सकेंगे। इसके अलावा विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले लोगों के लिए ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में पार्किंग व्यवस्था की गई है।
Tags: