रायपुर में 18 व्यावसायिक परिसरों पर निगम ने लगाया ताला, सीलबंद की गई दुकानें
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने संपत्तिकर (प्रॉपर्टी टैक्स) नहीं जमा करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम आयुक्त के निर्देश पर जोन-8 की विशेष टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर लंबे समय से टैक्स न पटाने वाले 18 बड़े व्यावसायिक परिसरों को मौके पर ही ताला लगाकर सीलबंद कर दिया। जानकारी के अनुसार, इन परिसरों पर कई वर्षों से करोड़ों रुपये की टैक्स बकाया राशि लंबित थी। बार-बार नोटिस देने के बावजूद जब संपत्तिकर जमा नहीं किया गया, तब नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से ठीक पहले सभी बकायादारों को अंतिम बार नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
निगम की टीम सुबह से ही पूरे जोन में सक्रिय रही। टीम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और बकाया टैक्स की पुष्टि के बाद परिसर को ताला लगाकर सीलबंद कर दिया। कई स्थानों पर व्यापारी निगम टीम से मान-मनौव्वल करते रहे, मगर बकाया राशि का तत्काल भुगतान नहीं करने पर टीम ने किसी की सुनवाई नहीं की। निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि टैक्स वसूली अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं और विकास कार्यों के लिए संपत्तिकर का समय पर जमा होना जरूरी है। बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में ऐसे और बकायादारों के परिसरों को भी सील किया जा सकता है। नगर निगम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद व्यापारिक समुदाय में हड़कंप मच गया है। कई व्यापारी अब बकाया राशि जमा करने के लिए निगम कार्यालय पहुंचने लगे हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि समय पर कर जमा करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, लेकिन टैक्स चोरी करने वालों पर अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी।