Raipur. रायपुर। होली पर्व के अवसर पर शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा तैयारी कर ली है। 2 मार्च 2026 को रक्षित केंद्र रायपुर में पुलिस उपायुक्तगण ने लगभग 3000 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफ किया। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील और अति-संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या शांति भंग की स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस उपायुक्त मध्य, पश्चिम और उत्तर क्षेत्र के अधीनस्थ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पर्याप्त पुलिस बल के साथ अपने-अपने जोन में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा किया गया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई। होली पर्व के दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी।


सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 105 बाइक पेट्रोलिंग दल, 73 थाना पेट्रोलिंग वाहन, 15 ए.डी. पार्टी, थानों के 40 फिक्स चेकिंग प्वाइंट, यातायात पुलिस के साथ मोटर चेकिंग प्वाइंट (एमसीपी) और ब्रेथ एनालाइजर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन चेकिंग प्वाइंट्स पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। तीन सवारी वाहन चलाने वालों, शराब सेवन करके वाहन चलाने वालों, तेज गति और स्टंट करने वालों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस उपायुक्तगण ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहें और संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करें।


इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। फ्लैग मार्च के दौरान आम नागरिकों से होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें। होली पर्व के दौरान पुलिस की यह व्यापक तैयारियां शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहायक होंगी। पुलिस उपायुक्तगण और कमिश्नरेट की यह फ्लैग मार्च तैयारी पूरे रायपुर शहर में होली के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कदम के रूप में देखी जा रही है।
Tags: