Raipur Breaking: मस्जिद परिसर में चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-20 16:10 GMT
Raipur. रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद परिसर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह घटना 17 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच आमानाका मेन रोड पर हकीमी इंटरप्राइजेस के सामने स्थित मस्जिद परिसर में हुई थी। अज्ञात चोरों ने परिसर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा लिफ्ट प्लेट, हैंडल, वायर समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए थे।

इस मामले में प्रार्थी फिरोज गांधी ने थाना सरस्वती नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 84/26 के तहत धारा 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सरस्वती नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने प्रार्थी और आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। फुटेज के विश्लेषण में दो संदिग्ध युवकों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देते हुए देखा गया।

इसके बाद टीम ने आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों की पहचान की और उन मार्गों में लगे कैमरों की मदद से उनकी गतिविधियों को क्रमबद्ध तरीके से ट्रैक किया। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कुकुरबेड़ा निवासी अर्जित देवार और शत्रुघन उर्फ बठवा देवार के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, जिसमें लिफ्ट प्लेट, हैंडल और वायर शामिल हैं, बरामद कर लिया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अर्जित देवार पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है, जबकि शत्रुघन उर्फ बठवा देवार मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में पहले से जेल निरुद्ध रह चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए आगे की जांच भी की जा रही है, ताकि उनके अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी मिल सके। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सरस्वती नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है, साथ ही सीसीटीवी नेटवर्क का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
Tags:    

Similar News